ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: भरथना कृषि उत्पादन मंडी समिति में बदलाव की बयार बहने लगी है। नवांगतुक मंडी सचिव संतोष कुमार यादव ने पदभार संभालते ही साफ संकेत दे दिए हैं कि मंडी में अब अनियमितताओं और बदइंतज़ामी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने आढ़तियों के साथ एक खुली बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई से भी परहेज नहीं किया जाएगा।

समस्याएं सुनने से ज्यादा समाधान की मंशा
बैठक में उपस्थित आढ़तियों ने मंडी सचिव के समक्ष मंडी परिसर की बाउंड्री वॉल का कमजोर होना, टूटी-फूटी सड़कें, जर्जर चबूतरे व फड़, परिसर में रोशनी की व्यवस्था का अभाव, सुरक्षा व्यवस्था जैसी मूलभूत समस्याएं रखीं। इसके अलावा कुछ आढ़तियों द्वारा अनुचित रूप से दस-दस फड़ घेर लेने की गंभीर शिकायतें भी सामने आईं, जिससे अन्य व्यापारियों को स्थान की दिक्कत हो रही थी।
बोले मंडी सचिव
मंडी सचिव संतोष कुमार यादव ने सभी मुद्दों को गम्भीरता से सुना और दो टूक लहजे में कहा: “समस्याओं के निराकरण में विलंब नहीं होगा, लेकिन सहयोग भी अपेक्षित है। जिन आढ़तियों ने नियमविरुद्ध तरीके से कई फड़ घेर रखे हैं, उन्हें तुरंत खाली करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। यह मंडी सभी के लिए समान अवसर देने के सिद्धांत पर कार्य करेगी।” सचिव श्री यादव ने मंडी में विकास कार्यों की गति को बनाए रखने के लिए आढ़तियों से लंबित मंडी शुल्क शीघ्र जमा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि “बकाया शुल्क के बिना मंडी के विकास कार्य रुक जाएंगे। पारदर्शी और सुविधाजनक मंडी संचालन के लिए सभी को ईमानदारी से सहयोग करना होगा।”
निष्क्रिय फर्मों पर सख्ती का ऐलान
सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन आढ़तियों की फर्में बीते तीन वर्षों से निष्क्रिय हैं, उनका लाइसेंस स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी की जमीन पर सिर्फ वही व्यापारी कार्य करें जो वास्तव में सक्रिय हों। फड़ किसी की जागीर नहीं, सार्वजनिक संपत्ति है। इसका दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक समान दरों पर सख्त चेतावनी
भरथना, ऊसराहार और लखना मंडियों में अनाज बिक्री दरों में एकरूपता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। सचिव ने कहा कि अगर किसी मंडी में दरों में भेदभाव पाया गया तो दोषियों पर सीधी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा, मंडी एक व्यापारिक व्यवस्था है, मनमानी की जगह नहीं।
सभी ने जताया भरोसा, मिली नई ऊर्जा
बैठक में मौजूद आढ़ती वर्ग ने सचिव की पारदर्शी कार्यशैली और तुरंत संवाद स्थापित करने की नीति की सराहना की और भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया। आढ़ती संघ के संरक्षक होम सिंह यादव, अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, उपाध्यक्ष देवेन्द्र यादव, और अन्य पदाधिकारियों ने भी मंडी सचिव से उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
बैठक में प्रमुख लोग रहे मौजूद
बैठक में मंडी निरीक्षक प्रीति देवी, रविंद्र कुमार, मंडी सहायक सर्वेश कुमार तिवारी, सिलादित्य सिंह, उमेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर सूरज कुमार, अरविंद सिंह, आढ़ती संघ पदाधिकारी अतुल कौशल, कमलेश कुमार, अवनीश पाल, राजेश कुमार गुप्ता, अनिल कुमार, सतीश मुनीम समेत बड़ी संख्या में आढ़ती मौजूद रहे।
फोटो – बैठक को संबोधित करते मंडी सचिव
