ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रौरा के मजरा नगला हनुमान के पास बुधवार दोपहर एक शर्मनाक घटना सामने आई, जिसमें दो शिकारियों ने गुलेल से निशाना बनाते हुए तीन राष्ट्रीय पक्षी मोर और एक तीतर की बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग से पुलिस व वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए एक शिकारी को मौके से मृत मोर और तीतर सहित बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर भाग निकला।
जानकारी के अनुसार बुधवार करीब 2:30 बजे, दो युवक बाइक से क्षेत्र में आए और पेड़ों की आड़ में छिपकर शिकार करना शुरू कर दिया। जब स्थानीय ग्रामीणों ने गुलेल से पक्षियों को मारते देखा, तो तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घेराबंदी की और काफी मशक्कत के बाद एक शिकारी को गोदी में मृत मोर और तीतर के साथ दबोच लिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार शिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, राष्ट्रीय पक्षियों का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरा रोष देखा गया। लोगों ने मांग की है कि ऐसे घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि वन्य जीवों की हत्या करने वाले अपराधियों को कड़ी सजा मिले।
