ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
थाना सहसों क्षेत्र के भदोरियनपुरा का मामला, शिकायत के बावजूद नहीं रुका आरोपी, पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
इटावा। जनपद के थाना सहसों क्षेत्र स्थित भदोरियनपुरा गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छेड़खानी से तंग आकर एक 15 वर्षीय दलित नाबालिग छात्रा ने खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
परिजनों और पीड़िता के अनुसार, गांव का ही लालू उर्फ शिवम गुर्जर कई महीनों से छात्रा को परेशान कर रहा था। छात्रा ने तीन दिन पहले थाने में आरोपी की शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद युवक की हरकतें नहीं रुकीं। आरोपी लगातार पीछा करता और धमकाता रहा।
परेशान और आहत होकर बालिका ने खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन सक्रियता दिखाई। इटावा पुलिस ने आरोपी शिवम गुर्जर को अवैध तमंचे के साथ एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। थाना सहसों पर छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है। अब इस घटना के बाद अभियोग में नई धाराएं जोड़ी जा रही हैं।
