ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। नगर पालिका परिषद भरथना में सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर शनिवार को उप जिलाधिकारी सुशांत श्रीवास्तव, पालिका अध्यक्ष अजय यादव गुल्लू व अधिशाषी अधिकारी संतोष मिश्रा की उपस्थिति में कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता हुई। बैठक में तय हुआ कि जैसे ही राज्य वित्त आयोग की धनराशि प्राप्त होगी, दो दिन के भीतर स्थायी सफाई कर्मचारियों का वेतन, संविदा कर्मचारियों का एरियर तथा सभी पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किया जाएगा। ठेका सफाई कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार प्रति माह चार दिन की छुट्टी और एरियर मिलेगा। यदि आवश्यक हुआ तो बाबू वर्ग व अन्य कर्मचारियों का वेतन रोका जा सकता है, लेकिन सफाई कर्मियों का भुगतान प्राथमिकता पर होगा। 23 से 28 जून के बीच किसी भी कर्मचारी पर विभागीय कार्यवाही नहीं होगी। साथ ही मृतक कर्मचारियों के ईपीएफ फंड का भुगतान भी तीन दिन में कराने का आश्वासन दिया गया। कर्मचारियों ने सहयोग का भरोसा दिलाया और हड़ताल स्थगित कर दी।
