ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

अवैध घुसपैठ, एनआरसी, एसआईआर और बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार का मुद्दा उठाया
भरथना। राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत गोस्वामी अनुराग भृगुवंशी का आज भरथना आगमन हुआ। वे शाम करीब छह बजे मोहल्ला राजागंज स्थित राजकुमार गोस्वामी के आवास पर पहुंचे, जहां संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान महंत गोस्वामी अनुराग भृगुवंशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इटावा जनपद में बसे अवैध घुसपैठियों को बाहर निकालने और एसआईआर (SIR) को पूर्ण रूप से लागू कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सामाजिक संतुलन के लिए यह आवश्यक है कि अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों पर कठोर कार्रवाई हो।
महंत गोस्वामी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि वहां अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हो रहे हमलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने पत्रकारों को राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी बांग्लादेश के अध्यक्ष संजय दास से वीडियो कॉल के माध्यम से वार्ता भी कराई, जिसमें बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति और हिंदुओं की समस्याओं पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी भारत सहित दुनिया के नौ अन्य देशों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है, जहां संगठन सनातन धर्म की ध्वजा को आगे बढ़ाने और हिंदू समाज की एकता के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
महंत गोस्वामी अनुराग भृगुवंशी ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने गुरु एवं राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के मार्गदर्शक, देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा के लिए निवेदन किया है। उनके इस प्रयास के बाद बांग्लादेश में स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर उनके निजी सचिव एवं प्रतिनिधि रामकुमार ठाकुर भी साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। फोटो – प्रेस वार्ता करते अध्यक्ष
