बाइक से टकराकर पलटी कार, बाइक चालक घायल

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। तुरैया बंबा संपर्क मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नगला गुदे पुलिया के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।

शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे भरथना से तुरैया की ओर जा रही कार ने सामने से आ रहे बाइक सवार मोहित 25 पुत्र ओमकार यादव, निवासी नगला ताल, भरथना को टक्कर मार दी। हादसे के बाद  कार अनियंत्रित होकर खेत की तरफ पलट गई और बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

हादसा होते ही आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने घायल के परिजनों, पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। परिजन घायल मोहित को आनन-फानन में इलाज के लिए इटावा के अस्पताल ले गए। बताया गया है कि मोहित के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुलिया के पास बंबा किनारे बड़ी मात्रा में सिल्ट जमा होने से सड़क पर आवागमन में परेशानी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर सिल्ट पड़े होने के कारण भी हादसा हुआ हो सकता है।

सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। बाद में जेसीबी मशीन मंगवाकर पलटी कार को सीधा कराया गया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *