ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में एएसपी ग्रामीण श्रीश चन्द्र ने शुक्रवार को भरथना थाना क्षेत्र में विस्फोटक/आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक चेक करते हुए भंडारण स्थल का भी जायजा लिया. उन्होंने दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए साफ कहा कि पटाखों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस और तय मानकों के तहत ही की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि लाइसेंस के बिना बिक्री करने वालों या तय मानकों से अधिक भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से यह भी कहा कि आतिशबाजी का भंडारण सुरक्षित स्थान पर और अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। एएसपी ग्रामीण ने कहा कि त्योहारों पर भीड़ बढ़ने के साथ-साथ लापरवाही का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए प्रत्येक दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह सुरक्षा मानकों का पालन करे और प्रशासन का सहयोग करे।
इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह समेत तमाम पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी और मौके पर लोगों से भी अपील की कि आतिशबाजी खरीदते समय सावधानी बरतें।
फोटो – जांच पड़ताल करती पुलिस टीम
