ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: मंगलवार सुबह लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही 12419 गोमती एक्सप्रेस में अचानक आई तकनीकी खराबी ने यात्रियों की धड़कनें तेज कर दीं। ट्रेन के डी-11 कोच के पहिए भरथना आउटर सिग्नल के पास अचानक धुआं छोड़ने लगे।
सुबह करीब 9:34 बजे जैसे ही ट्रेन आउटर पार कर रही थी, कोच के दोनों पहियों में ब्रेक बॉन्डिंग फेल हो गई। पहियों के अत्यधिक गर्म होने से तेज धुंआ उठने लगा। यह देख कोच में बैठे यात्री घबरा उठे। मौके पर मौजूद रेलवे फाटक संख्या 20-बी के गेटमैन राकेश ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी। ट्रेन को तुरंत प्लेटफार्म नंबर 3 पर रोका गया। वहां तैनात गार्ड, टेक्नीशियन स्टाफ और प्वाइंटमैन ने तुरंत मोर्चा संभाला। फायर सिलेंडर से पहियों को ठंडा किया गया और जाम ब्रेक को खोला गया। तब जाकर स्थिति काबू में आई। उस वक्त पहिए पूरी तरह लाल हो चुके थे।
करीब 19 मिनट तक ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी रही। इस दौरान स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस भी पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना किया गया। यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि समय रहते कदम न उठाए जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
