ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
कुम्भ मेले में वायरल हुई मोनालिसा और अमित राव निभाएंगे लीड रोल, इटावा के कलाकारों को भी मिलेगा मौका
इटावा। फिल्मी रोशनी से जल्द ही इटावा की गलियां जगमगाएंगी। चर्चित फिल्म “The Manipur Diary” की शूटिंग जल्द ही इटावा जिले में शुरू होने जा रही है। महाकुंभ में वायरल हुईं ब्यूटी क्वीन और चर्चित फिल्म अभिनेत्री मोनालिसा इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ अभिनेता अमित राव भी लीड रोल में नजर आएंगे।
इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के निर्देशक हैं सनोज मिश्रा, जो भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन के साथ पाँच बड़ी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वहीं फिल्म के निर्माता हैं धीरेन्द्र राव चौबे। दोनों ने मिलकर इटावा को फिल्म की प्रमुख शूटिंग लोकेशन के रूप में चुना है। फिल्म की शूटिंग जिले में लगभग 15 दिनों तक चलेगी और इसके कई महत्वपूर्ण दृश्य यहीं फिल्माए जाएंगे।
फिल्म “The Manipur Diary” एक रोमांचक प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें एक्शन, ड्रामा और भावनाओं का तगड़ा मिश्रण होगा। फिल्म को साल के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा और उसके बाद यह प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध होगी।
निर्देशक सनोज मिश्रा ने बताया कि फिल्म के कुछ सीन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर शूट किए जाएंगे, जिससे इटावा की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी स्क्रीन स्पेस दिया जाएगा, जिससे उन्हें बड़े पर्दे पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका मिलेगा।
शहर में फिल्म की शूटिंग की खबर फैलते ही युवाओं और फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय कलाकारों ने ऑडिशन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।इस फिल्म के माध्यम से इटावा न सिर्फ मनोरंजन जगत के नक्शे पर उभरेगा, बल्कि यह स्थानीय प्रतिभाओं के लिए एक नया मंच भी प्रदान करेगा।
