ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
जिम्मेदारों को जमकर लगाई फटकार, 15 दिन में सुधार के निर्देश
भरथना: क्षेत्र में स्थित दो गौशालाओं का गौसेवा आयोग के सदस्य रमा कांत उपाध्याय ने सोमवार की शाम औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों व गौशाला प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि अगले माह पुनः निरीक्षण किया जाएगा। यदि तब भी कमियां पाई गईं तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शाम करीब चार बजे आयोग सदस्य गांव कुंवरा के ज्ञानपुर–सहजपुर मार्ग स्थित निराश्रित गौवंश गौशाला पहुंचे। यहां अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कस्बा के मोहल्ला गिरधारीपुरा स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया गया, जहां सड़ा हुआ चारा मिलने और तीन गौवंशों के घायल पाए जाने पर गौशाला प्रभारी पंकज दुबे को कड़ी फटकार लगाई गई। आयोग सदस्य ने निर्देश दिए कि गौशाला में मौजूद 67 गायों को प्रतिदिन हरा-भरा चारा उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक गाय को एक किलो दाना दिया जाए। साथ ही लापरवाही बरतने पर गौशाला में तैनात चिकित्सक का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश भी दिए गए।
मीडिया से बातचीत में रमा कांत उपाध्याय ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि गौशालाओं में गौवंशों को साफ-सुथरा चारा और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण में मिली कमियों को 15 दिनों के भीतर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में सुधार नहीं होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो – निरीक्षण करते गौ सेवा आयोग के सदस्य
