विधुत लाइन से निकली चिंगारी से भड़की आग, झोपड़ी समेत तीन घर जलकर हुए राख

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर & चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त7017774931

भूसा, गेहूं, पंपसेट व घरेलू सामान सहित हजारों का नुकसान, दमकल ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
भरथना। भरथना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला चंदेलन (ऊमरसेंडा) में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक झोपड़ी के ऊपर से गुजर रही विधुत लाइन से निकली चिंगारी ने अचानक आग पकड़ ली। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दो अन्य घरों को भी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई ग्रामीणों ने पहले खुद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब हालात बेकाबू होने लगे तो तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना में गांव निवासी उमाशंकर पुत्र जयसिराम का करीब 40 कुंतल भूसा, 10 कुंतल गेहूं, पंपसेट और लगभग 50 हजार रुपये कीमत का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। सुभाष चन्द्र पुत्र श्याम बाबू का करीब 20 हजार रुपये का घरेलू सामान और राजकुमारी पत्नी रामकिशन की दो चारपाइयां, 20 कुंतल भूसा और 10 कुंतल गेहूं भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सालों की मेहनत चंद मिनटों में राख हो गई. वहीं इस पूरे मामले में तहसीलदार भरथना राज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि “क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी और उनके आदेशानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *