ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा से भरथना के पूर्व विधायक सिद्धार्थ शंकर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बल्ला चलाकर प्रतीकात्मक रूप से टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सिद्धार्थ शंकर दोहरे ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है और युवा नशा व गलत रास्तों से दूर रहते हैं।
उन्होंने आयोजक समिति की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी ग्रामीण स्तर पर टूर्नामेंट कराना सराहनीय प्रयास है। पूर्व विधायक ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने और जीत-हार को समान रूप से स्वीकार करने की अपील की।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
