इटावा, उत्तर प्रदेश: जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत तोड़ा गांव में रविवार को खेत जोतने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस विवाद में एक भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।
पिता की मौत के बाद जमीन के बंटवारे को लेकर उपजा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दो सगे भाइयों के बीच 16 बीघा पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों को 6-6 बीघा जमीन पहले ही बांटी जा चुकी थी, जबकि शेष 4 बीघा जमीन पिता के नाम पर थी। बताया गया कि करीब एक माह पूर्व पिता की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद खेत जोतने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच टकराव बढ़ गया।
धारदार हथियार से हमला, एक की मौत, तीन घायल
रविवार को खेत जोतने को लेकर कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक भाई रामकिशोर ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई कृपाल सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कृपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में मृतक की पत्नी सीमा, बेटा बॉबी और दूसरे पक्ष का भाई रामकिशोर भी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मौके पर, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी, सीओ सिटी और थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच 4 बीघा जमीन को लेकर विवाद था। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम का माहौल
एक ही परिवार में हुए इस खौफनाक विवाद के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, पिता की मौत के बाद बिना विधिवत बंटवारे के खेत जोतने को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन इस बार बात खून-खराबे तक पहुंच गई।
