ब्रजेश पोरवाल एडीटर चीफ़ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: भक्ति, आस्था और अध्यात्म से सराबोर भरथना नगर एक बार फिर विघ्नहर्ता गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारी में जुट गया है। श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव (रजि.) के तत्वावधान में इस वर्ष भी सत्रहवां विशाल दिव्य दर्शन, श्रृंगार एवं हवन महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। भक्तों का मानना है कि इस आयोजन से नगर में सुख-शांति और समृद्धि का संचार होता है। सोमवार को उक्त कार्यक्रम का भूमि पूजन किया गया.

आयोजन का शुभारंभ भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी, बुधवार 27 अगस्त को होगा। दोपहर 2:30 बजे मंदिर दान सहाय से कलश यात्रा नगर भ्रमण पर निकलेगी। वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से नगर की गलियां गूंज उठेंगी। 27 अगस्त से 5 सितम्बर तक प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे और सायं 8:30 बजे श्री गणेश जी की आरती व श्रृंगार दर्शन होंगे। भक्तों को गणपति जी की भव्य आराधना और दिव्य श्रृंगार का साक्षात्कार करने का अवसर मिलेगा।
भाद्रपद शुक्ल पक्ष अनंत चतुर्दशी, शनिवार 6 सितम्बर को सुबह 12:30 बजे विसर्जन यात्रा निकलेगी। नगर भ्रमण करते हुए यह यात्रा बाहरपुर (बिधूना रोड) स्थित गंगनहर पहुंचेगी, जहां विधिवत वैदिक रीति से गणपति बप्पा का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान हजारों भक्तों की मौजूदगी में भक्ति रस का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।
इससे पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने भूमि पूजन कर आयोजन की नींव रखी। आचार्य संजय मिश्रा और गोविन्द शुक्ला ने वैदिक मंत्रोच्चार से पूजन सम्पन्न कराया। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू महेश्वरी, महामंत्री सूरज कुमार, उपाध्यक्ष आशीष पोरवाल लालू, कोषाध्यक्ष रामजी तोमर, उपकोषाध्यक्ष चन्दन वर्मा, मंत्री चन्दू पाटिल सहित नगर के कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
फोटो – भूमि पूजन करते पालिकाध्यक्ष व अन्य
