ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ़ आर्यावर्त 7017774931

बकेवर।आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। पर्व से पूर्व बकेवर थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बे में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शनिवार को बकेवर थाना परिषर में पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी भरथना कव्या सिंह ने की, जब कि क्षेत्राधिकारी भरथना रामदबन मौर्य एवं थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक भी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखने की बात कही गई।
बैठक के तुरंत बाद बकेवर थाने से पैदल गश्त की शुरुआत की गई। फ्लैग मार्च कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। पुलिस बल की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का संदेश गया। अधिकारियों ने रास्ते में दुकानदारों व स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन की इस सक्रिय पहल से कस्बे में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास का माहौल बना हुआ है, वहीं नागरिकों ने भी शांति बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया
