संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, डेढ़ साल की बेटी को छोड़ गई मां

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन महिला को अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बनामई निवासी विष्णु यादव की 27 वर्षीय पत्नी निशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। बताया गया कि महिला लंबे समय से बीमार चल रही थी और उसका इलाज जारी था। शनिवार दिन में भी उसकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था। उपचार के बाद राहत मिलने पर वह घर लौट आई थी।

बताया जाता है कि देर रात करीब साढ़े दस बजे अचानक फिर उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया है कि वर्ष 2021 में विष्णु यादव का विवाह फिरोजाबाद तहसील क्षेत्र के समीप स्थित भाउपुर गांव निवासी निशा के साथ हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार निशा लंबे समय से टीवी (क्षय रोग) से पीड़ित थी और उसका इलाज भी चल रहा था। निशा अपने पीछे करीब डेढ़ वर्ष की मासूम बेटी निष्ठा को छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ग्राम प्रधान ब्रजराज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर करीब तीन बजे महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

फोटो – मृतिका फ़ाइल फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *