ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर की पुराना भरथना बस्ती स्थित चंद्रशेखर पार्क, बालूगंज से रविवार को दूसरा लघु पथसंचलन निकाला गया। यह पथसंचलन अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बना। संचलन आज़ाद पार्क से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ब्रज धाम गेस्ट हाउस, मंडी रोड पर आकर संपन्न हुआ।
संचलन के दौरान स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में पंक्तिबद्ध होकर कदमताल करते नजर आए। उनके हाथों में भगवा ध्वज लहराता हुआ राष्ट्र प्रेम का संदेश दे रहा था। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पूरे नगर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से देशभक्ति का माहौल गूंज उठा।
संचलन के समापन स्थल ब्रज धाम गेस्ट हाउस पर आयोजित बौद्धिक सत्र में इटावा विभाग के विभाग बौद्धिक प्रमुख अखिलेश भाई साहब ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने संघ के 100 वर्ष के गौरवशाली संघर्ष और सेवा के इतिहास का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा, “संघ का यह शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का अवसर है। संघ ने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन और संस्कार का संदेश पहुंचाया है। आज हर स्वयंसेवक का कर्तव्य है कि वह अपने आचरण से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।”
इस अवसर पर अश्वनी (विभाग प्रचार प्रमुख), अमित (सह जिला कार्यवाह), उमाशंकर (नगर संघचालक), विनोद (सह नगर संघचालक), विशाल (नगर कार्यवाह), शिवेंद्र (नगर प्रचारक), देवांशु (नगर शारीरिक प्रमुख), गौरव (सह नगर कार्यवाह), रजत पोरवाल (नगर प्रचार प्रमुख), आदित्य (समरसता प्रमुख) तथा भरत (नगर विद्यार्थी प्रमुख) सहित सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न मोहल्लों से भी बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे जिन्होंने स्वयंसेवकों की अनुशासित पंक्तियों को देखकर प्रशंसा व्यक्त की। पथसंचलन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ, जहां सभी स्वयंसेवकों ने एक स्वर में राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया।
