विद्यालय समायोजन और शिक्षकों की सेवा समाप्ति के विरोध में शिक्षक संघ ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों के समायोजन (मर्जर) एवं शिक्षकों की सेवा समाप्ति के निर्णय के विरोध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया। विकासखंड भरथना, महेवा और चकरनगर के सैकड़ों शिक्षकों ने संयुक्त रूप से भरथना विधायक राघवेन्द्र गौतम के आवास पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि सरकार द्वारा 150 से कम छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालयों एवं 100 से कम छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज कर बंद करने का निर्णय न केवल शिक्षकों के अधिकारों का हनन है, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था के लिए भी घातक सिद्ध होगा।

शिक्षकों ने अपनी आपत्तियों में कहा कि मर्जर के बाद विद्यार्थियों को दूरस्थ विद्यालयों तक जाने की विवशता होगी, जिससे ड्रॉपआउट की दर में वृद्धि होगी। विद्यालयों के बंद होने से हजारों रसोइयों की सेवाएं समाप्त हो जाएंगी, जिससे वे बेरोजगार हो जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय बंद कराने के लिए प्रधानाध्यापकों, ग्राम प्रधानों और विद्यालय प्रबंधन समितियों पर प्रस्ताव पारित कराने का दबाव बना रहे हैं। यह निर्णय पूरी तरह से एकतरफा, तानाशाही पूर्ण और लोकतंत्र विरोधी है।

शिक्षक संघ ने मांग की कि मर्जर आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, प्रधानाध्यापकों को “संकुल प्रमुख” का दर्जा देकर सेवा में निरंतरता सुनिश्चित की जाए और विद्यालय समायोजन के लिए जारी 300/शासनादेश को तत्काल रद्द किया जाए।

शिक्षक नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय शिक्षा, रोजगार और ग्रामीण समाज के सबसे कमजोर वर्ग के भविष्य के साथ अन्याय है। यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय वापस नहीं लिया तो राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में गोविन्द सिंह चौहान अध्यक्ष भरथना ब्लॉक, योगेन्द्र सिंह मंत्री भरथना ब्लॉक, रविन्द्र सिंह अध्यक्ष चकरनगर ब्लॉक, दीपक कमैया मंत्री चकरनगर ब्लॉक, संजीव कुमार यादव अध्यक्ष महेवा ब्लॉक और अजय चौबे मंत्री महेवा ब्लॉक शामिल रहे।

इस सम्बन्ध में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि फिलहाल शासन की तरफ से सेवाएँ समाप्त करने के कोई भी आदेश निर्गत नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *