ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: ब्लॉक मुख्यालय स्थित आंगनवाड़ी सभागार में रविवार को राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव एवं विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी विजय शंकर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सीडीपीओ रमाकांती यादव मुख्य सेविका नीता पांडेय, स्वेता, मंजू देवी, रेखा रानी, राधा देवी और रानी देवी सहित अन्य आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म निभाई, वहीं छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान माताओं को बच्चों के समुचित पोषण, स्वच्छता और टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
सीडीपीओ रमाकांती यादव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है, जिसके तहत पोषण परामर्श, स्वास्थ्य जांच, गोद भराई, अन्नप्राशन, और रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
खंड विकास अधिकारी विजय शंकर ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव अच्छे पोषण पर टिकी होती है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की कि वे घर-घर जाकर पोषण के प्रति जनजागरूकता फैलाएं।
वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे के पहले 1000 दिन उसके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान पौष्टिक आहार, साफ-सफाई और समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं के साथ-साथ ग्राम की कई आशा और सहायिकाएं भी मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर “सही पोषण – देश रोशन” का संदेश दोहराया और राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने का संकल्प लिया।
