ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर भरथना नगर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो उठा। मां दुर्गा के जयकारों, वैदिक मंत्रोच्चारण और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्री नव दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित 28वां शारदीय नवरात्रि महोत्सव का शुभारम्भ सोमवार की शाम मंगल कलश यात्रा से हुआ। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी क्षेत्र का यह भव्य आयोजन मोहल्ला मोतीगंज स्थित राजाराम पीतल वालों के हाता में सजे दरबार के साथ प्रारम्भ हुआ।

कलश यात्रा में श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। 108 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर मां दुर्गा की महिमा का आह्वान किया। आयोजकों ने सिर पर देवी भागवत पोथी और अखंड ज्योतितथा माँ दुर्गा की पालकी लेकर नगर भ्रमण किया। बैंड-बाजों की गूंज और भक्तों के स्वर में उठते “जय माता दी” के जयकारों से नगर गुंजायमान हो उठा।
कलश यात्रा आयोजन स्थल से प्रारंभ होकर महेश्वरी धर्मशाला स्थित शिव मंदिर, होमगंज शिव मंदिर, आजाद रोड स्थित पाठक देवी मंदिर, लौंग श्री मंदिर, दानसहाय मंदिर, मिडिल स्कूल स्थित नर्मदेश्वर मंदिर और मोतीगंज चौरसिया मंदिर के दर्शन करती हुई महोत्सव स्थल पर सम्पन्न हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं माता के भजनों पर जयकारों के साथ झूमते हुए नजर आये।
समिति अध्यक्ष संजीव दीक्षित ‘गपूड़े’ ने बताया कि माता रानी का भव्य दरबार सज चुका है, जहां प्रतिदिन रात 9 बजे संगीतमय मंगल आरती के साथ भक्तों को मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मां की कृपा से नगर में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है।
इस मौके पर महामंत्री भरत पोरवाल, कोषाध्यक्ष सुनील पोरवाल, सोनू मिश्रा, विपिन पोरवाल, नेक्से पोरवाल, गोपाल चौबे, प्रशांत अवस्थी, ओम जी पोरवाल, सोनू गुप्ता, शैलेन्द्र पोरवाल, सोनू सविता, भोला सिंह यादव, कपिल पोरवाल, रामचन्द्र पोरवाल, प्रबल प्रताप कश्यप, भावेश कुमार, अतुल अग्रवाल, राजू चौबे सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे और मां दुर्गा की महिमा में लीन होकर जयकारे लगाते रहे।
