ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: कस्बे में एटीएम मशीन से धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर बदमाशों को स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों आरोपी एटीएम से रुपये निकलने वाले स्लॉट में स्ट्रिप (पत्ती) लगाकर खाताधारकों को चूना लगाने की फिराक में थे।

घटना बुधवार शाम करीब पौने छह बजे की है। कस्बे के मोहल्ला बालूगंज स्थित पानी की टंकी के पास लगी इंडिया नंबर-1 कंपनी की एटीएम मशीन पर एक खाताधारक रुपये निकालने पहुंचा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाते से रकम कट गई, लेकिन मशीन से रुपये बाहर नहीं आए। परेशान खाताधारक ने पास में संचालित एटीएम के भू-स्वामी और जनसेवा केंद्र संचालक को इसकी जानकारी दी।
शुरुआत में सामान्य प्रक्रिया के तहत यह बताया गया कि संभव है रकम खाते में वापस आ जाए, क्योंकि उसी दिन मशीन में कैश डाला गया था। इसी दौरान एक व्यक्ति की नजर एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, जिसमें दो युवक मशीन से छेड़छाड़ करते हुए दिखाई दिए। शक होते ही आसपास मौजूद लोगों को बुलाया गया।
जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों युवक एटीएम मशीन के कैश आउटलेट से एक स्ट्रिप निकालने की कोशिश कर रहे थे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।घटना की सूचना मिलते ही कस्बा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों द्वारा पकड़े गए दोनों बदमाशों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
