ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना।सड़क हादसों पर रोकथाम और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भरथना पुलिस द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीम लगातार कस्बे के बजाजा लाइन तिराहा, बाजार क्षेत्र के बालूगंज आदि मुख्य मार्गों पर लोगों को यातायात के नियमों की जानकारी दे रही है तथा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के लिए प्रेरित कर रही है।

इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह व एसआई राजेश कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन भर नहीं, बल्कि यह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह छोटी सी सावधानी किसी भी बड़ी दुर्घटना के खतरे को काफी कम कर देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना हेलमेट घर से बाहर न निकलें तथा स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करें।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा लोगों को न सिर्फ हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में बताया जा रहा है, बल्कि सड़क पर सुरक्षित रूप से चलने, गति सीमा का पालन करने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने जैसे नियमों पर भी जागरूक किया गया ।
