ब्रजेश पोरवाल-एडीटर & चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
डिप्टी सीआईटी की मुस्तैदी से पकड़ा गया फर्जी टिकट निरीक्षक, अलीगढ़ जीआरपी को सौंपा गया
यूपी/फिरोजाबाद : दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर रविवार सुबह पूर्वा एक्सप्रेस में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यात्रियों की टिकट चेक कर रहा एक युवक असली टीटीई नहीं, बल्कि फर्जी निकला। बिखरे बाल और बढ़ी हुई दाढ़ी वाला युवक जब पूरे आत्मविश्वास से टिकट मांग रहा था, तो किसी को शक भी नहीं हुआ। लेकिन टूंडला हेडक्वार्टर के डिप्टी सीआईटी कुलदीप कुमार की पैनी नजरों ने उसकी पोल खोल दी।
हावड़ा जा रही 12304 पूर्वा एक्सप्रेस शनिवार की शाम करीब 7 बजे खुर्जा स्टेशन पार कर चुकी थी, तभी डिप्टी सीआईटी कुलदीप कुमार ट्रेन के एस-03 कोच में जांच के लिए पहुंचे। वहां उन्होंने एक अपरिचित युवक को यात्रियों की टिकट चेक करते देखा, तो उसे रोककर पूछताछ की।
इसी दौरान ट्रेन में मौजूद स्क्वायड टीम के अशोक कुमार, सोनपाल गौतम और सीआईबी उपनिरीक्षक विनोद गौतम भी वहां पहुंच गए। युवक से पहचान पत्र और नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कुछ भी नहीं दिखा सका।
संदेह यकीन में बदलते देर न लगी। डिप्टी सीआईटी ने तत्काल टूंडला कंट्रोल रूम को सूचना दी और युवक को पकड़कर अलीगढ़ रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन निवासी इटावा बताया है। उसके खिलाफ डिप्टी सीआईटी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रेल प्रशासन की सतर्कता से यात्रियों के साथ संभावित धोखाधड़ी टल गई, लेकिन यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल जरूर खड़ा करती है।
