बाल विवाह के खिलाफ पुलिस और समाज साथ-साथ, भरथना थाना परिसर में जागरूकता अभियान

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत भरथना थाना परिसर में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एएचटी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेम चन्द्र तथा अवधेश कुमार इटावा ने की। इस अवसर पर नगर के अनेक संभ्रांत नागरिक, गेस्ट हाउस संचालक, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बाल विवाह को समाज के लिए गंभीर अभिशाप बताते हुए इसके कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास में बाधक है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या आयोजन की सूचना मिले तो बिना संकोच तुरंत पुलिस या 1098 तथा संबंधित विभाग को जानकारी दें, ताकि समय रहते उसे रोका जा सके।

जागरूकता अभियान के तहत यह भी कहा गया कि बाल विवाह रोकने में समाज की भूमिका सबसे अहम है। परिवार, पड़ोसी, ग्राम प्रधान, गेस्ट हाउस व मैरिज होम संचालक यदि सतर्क रहें तो इस सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। इसी क्रम में कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को बाल विवाह न होने देने, इसके खिलाफ आवाज उठाने और प्रशासन का सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर थाना उपनिरीक्षक इदु हसन, ब्रजनंदन, कोमल चौधरी सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फोटो – जानकारी देते हुए एएचटी थाना प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *