फिरोजाबाद से हुई थी चोरी, साथी अब भी फरार
इटावा। अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इटावा पुलिस ने एक अन्तरजनपदीय चोर को दबोच लिया। उसके कब्जे से वह ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद हुई है जिसे करीब 10 माह पहले जनपद फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र से चोरी किया गया था। पकड़ा गया आरोपी शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।
बकेवर पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, 15/16 अगस्त की रात थाना बकेवर पुलिस टीम विशाल होटल से बिजौली सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक भागने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित चालक को दबोच लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जुगेश उर्फ जग्गा यादव पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी नगला वलुवा थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद (उम्र 42 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कबूला कि यह ट्रैक्टर-ट्रॉली उसने अपने साथी सुनील यादव निवासी नगला ठकुरी थाना शिकोहाबाद के साथ मिलकर करीब 10-11 माह पूर्व ग्राम मोहम्मदपुर लभौआ, थाना शिकोहाबाद क्षेत्र से चोरी की थी। जांच में पुष्टि हुई कि उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की चोरी के संबंध में थाना शिकोहाबाद पर वादी अरविंद कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज है।
शातिर अपराधी निकला आरोपी
पुलिस रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी जग्गा यादव पर पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 2006, 2007, 2009, 2013 और 2024 के प्रकरण शामिल हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बकेवर पर मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। जबकि फरार अभियुक्त सुनील यादव की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
