ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ़ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: तहसील क्षेत्र के ग्राम निगोह ईकारपुर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) के बैनर तले एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं उठाईं और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने शिक्षा व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फीस, किताबों और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों का शोषण किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का भी कड़ा विरोध किया और चेतावनी दी कि किसानों पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपने की कोशिश हुई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।
महापंचायत के दौरान संगठन विस्तार के तहत विवेक यादव (सिंटू) को भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) का इटावा जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का समापन किसानों की एकता, अधिकारों की रक्षा और भविष्य में संघर्ष को तेज करने के संकल्प के साथ हुआ।
फोटो -विवेक यादव को जिम्मेदारी सौंपते संगठन के पदाधिकारी
