ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

सदर विधायक सरिता भदौरिया पर चला ईंट-पत्थर, बड़ी चोट से बाल-बाल बचीं
इटावा। सोमवार को नगर पालिका चौराहा स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उस समय बवाल मच गया जब भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े और “राहुल गांधी मुर्दाबाद” के नारे लगाने लगे। कार्यालय पर पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भी भड़क उठे और “मोदी मुर्दाबाद” के नारे लगाने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला पथराव तक पहुंच गया।

कांग्रेस कार्यालय से हुआ पथराव
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जैसे ही वे कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे, छत और गेट के पास से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। इस दौरान सदर विधायक सरिता भदौरिया के कंधे पर ईंट लग गई। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता और वरिष्ठ नेता शिवमहेश दुबे ने तत्काल विधायक को ढककर उन्हें गंभीर चोट लगने से बचा लिया।
विधायक का आरोप : “हमारी हत्या की साजिश”
घटना से गुस्साई विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि यह हमला पूरी तरह साजिशन था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेसियों ने अराजक तत्वों के साथ मिलकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला किया। “आज कांग्रेसियों ने हमारी हत्या की साजिश रची थी, यह सब प्लानिंग के तहत किया गया है।” उन्होंने हमलावरों पर धारा 307 (जानलेवा हमला) के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाजपाइयों का धरना और नारेबाजी, हिरासत में कंग्रेस नेता
पथराव से नाराज भाजपाई मौके पर ही नगर पालिका गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और “कांग्रेस मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी होश में आओ” जैसे नारे लगाने लगे। उनका कहना था कि जब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। इधर, कांग्रेस कार्यालय पर मौजूद जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष मलखान सिंह, शहर अध्यक्ष राशिद खान, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे समेत एक दर्जन कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके से हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
प्रशासन अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात
बवाल की सूचना मिलते ही ADM अभिनव रंजन श्रीवास्तव, SP सिटी अभयनाथ त्रिपाठी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और भाजपा कार्यकर्ताओं को सुरक्षा घेरे में नगर पालिका परिसर के भीतर पहुंचाया। ADM अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा का यह विरोध-प्रदर्शन पहले से तय था। पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में तनाव, पुलिस चौकसी बढ़ी
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। राजनीतिक रंजिश से उपजा यह विवाद अब कानूनी कार्रवाई की ओर बढ़ रहा है। भाजपा ने कांग्रेस पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा ने भी उकसाने का काम किया। फिलहाल पूरा मामला तूल पकड़ चुका है और पुलिस-प्रशासन सतर्क है।