ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: भरथना नगर में बीते कुछ समय से आवारा गौवंशों की वजह से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त होता जा रहा था। नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों और मोहल्लों में खुलेआम विचरण करते यह गौवंश जहां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन रहे थे, वहीं कई लोग इनके हमलों में घायल भी हो चुके थे। आए दिन हो रही इन घटनाओं से नाराज़ जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद ने अब सक्रिय मोर्चा संभाल लिया है।
नगर पालिका परिषद भरथना ने नगर को आवारा पशु संकट से निजात दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें नगर के विभिन्न हिस्सों से करीब डेढ़ दर्जन आवारा गौवंशों को पकड़कर गौशाला भेजा गया। इस अभियान की अगुवाई नगर पालिका अध्यक्ष अजय यादव “गुल्लू” और अधिशासी अधिकारी संतोष मिश्रा के निर्देशन में की गई।
सफाई प्रभारी पंकज दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने अभियान को सफल बनाने के लिए दिनभर मुस्तैदी से कार्य किया। इस टीम में सफाई नायक संदीप यादव, चन्द्र शेखर, सौरभ, पंकज चौहान, अतुल कुमार, गौरव समेत कई कर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया। अभियान के दौरान नगर के यादव नगर, ओवरब्रिज क्षेत्र, और मंडी समिति रोड से पशुओं को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशाला भेजा गया।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका के इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद नगर में इस प्रकार की ठोस कार्रवाई देखने को मिली है, जिससे आम जनता को राहत की उम्मीद जगी है। वहीं कुछ लोगों ने अपील की कि इस अभियान को निरंतर रूप से जारी रखा जाए, ताकि पूरी तरह से सड़कों को आवारा पशुओं से मुक्त किया जा सके।
