31 हजार दीपों से जगमगाया माँ पालट देवी का प्राचीन मंदिर

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। क्षेत्र के ग्राम पालिखुर्द स्थित सिद्धपीठ माँ पालट देवी के प्राचीन मंदिर में 18वां दीपदान महोत्सव शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में मंदिर परिसर लगभग 31 हजार दीपकों की रोशनी से जगमगा उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शाम होते ही श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से दीप प्रज्ज्वलित कर मां पालट देवी का पूजन-अर्चन किया। दीपों की आकर्षक सजावट और चारों ओर फैली रोशनी ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंदिर पुजारी प्रमोद कुमार ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी महोत्सव को भव्य रूप दिया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। ग्रामीणों का कहना है कि दीपदान महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मां पालट देवी के जयकारों के साथ सम्पन्न हुआ यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *