ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव के दक्षिणी किनारे बहने वाली सेंगर नदी रविवार दोपहर हादसे का गवाह बनी। करीब तीन बजे चार दोस्त नदी किनारे घूमने और नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान 22 वर्षीय शिवम पुत्र अखिलेश निवासी गिरधारीपुरा नहाने के लिए नदी में उतरा और देखते ही देखते गहराई में चला गया।

साथ आए तीन दोस्तों—टीपू पुत्र शमशाद, शिवा पुत्र वीरेंद्र (निवासी वैशोली) और एक अन्य साथी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा और अचानक गहराई ने शिवम की जान ले ली। युवक की बाइक किनारे खड़ी मिली, जिस पर उसके कपड़े रखे हुए थे। साथियों के अनुसार शिवम को तैरना नहीं आता था, बावजूद इसके वह नदी में उतर गया और हादसे का शिकार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर तहसीलदार दिलीप कुमार, सीओ अतुल प्रधान और प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और तुरंत गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। नदी की तेज धारा बचाव कार्य में बाधा बन रही है, लेकिन पुलिस और स्थानीय ग्रामीण लगातार युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। साथ ही आसपास के गांवों और नदी किनारों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
