सरस मेले में सजी महिला शक्ति की झलक, मेधावी छात्राओं और महिला कर्मियों का हुआ सम्मान

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

इटावा। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत मंगलवार को गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, शास्त्री चौराहा इटावा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायिका श्रीमती सरिता भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

मुख्य अतिथियों ने कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा सरस मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पाद, व्यंजन और घरेलू सामान की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई, जिसने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक नया मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्राओं को टैबलेट और चेक प्रदान किए गए। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मिशन शक्ति के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई।

शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर 101 बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। उन्हें तिलक, आरती और उपहार स्वरूप सामग्री भेंट की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय और सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहा। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मनिर्भर बनाना और समाज में उनकी नेतृत्वकारी भूमिका को सशक्त करना रहा। सदर विधायिका सरिता भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि “नारी शक्ति को सशक्त करना, समाज को सशक्त करना है। हर बेटी में अपार संभावनाएँ छिपी हैं, बस उन्हें पहचानकर सही दिशा देने की आवश्यकता है।”

मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसमें प्रशासन, समाज और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं, तो बदलाव निश्चित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *