संदिग्ध हालात में स्टेशन पर तड़पती मिली महिला, अस्पताल ले जाते समय मौत

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में तड़पती हुई मिली। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक महिला दर्द से कराहती हुई तड़प रही थी। उसे इस हालत में देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भिजवाया। स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान वेद कुमारी पत्नी विश्राम सिंह उम्र 48 वर्ष, निवासी हलुहर्राजपुर थाना बकेवर के रूप में हुई। मृतिका की पहचान कस्वा के मोहल्ला जवाहर रोड निवासी उसके भांजे राहुल और ननदोई ब्रजराज सिंह ने की।

परिजनों के अनुसार, वेद कुमारी 16 मार्च की शाम घर से खेत जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कुछ पता नही चल सका था। बाद में उनके भरथना स्टेशन पर मिलने की सूचना मिली। परिजनों द्वारा विषाक्त पदार्थ के सेवन से हालत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है.

मृतका अपने पीछे पति और दो पुत्र चंदन व ऋषि को छोड़ गई है। बताया गया कि उनके बड़े बेटे सत्यप्रकाश का निधन करीब पांच वर्ष पहले कोरोना काल में हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार के साथ कोहराम मच गया. मृतिका के पति समेत तमाम परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

फोटो – मृतिका फ़ाइल फोटो तथा स्टेशन पर मौजूद यात्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *