यातायात और अतिक्रमण को लेकर आवश्यक बैठक सम्पन्न”3 प्वाइंट व 2 स्टैंड रहे प्रमुख मुद्दे, व्यापारियों ने रखीं समस्याएं

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अतिक्रमण हटाने को लेकर तहसील सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सी ने की। बैठक में नगर की दो स्टैंड व्यवस्था और तीन प्रमुख जाम पॉइंट को लेकर विस्तार से चर्चा हुई, साथ ही व्यापारियों की समस्याएं भी सामने आईं।

व्यापारियों ने बैठक में बताया कि ठेले वाले चार पहिया ठेले लेकर दुकानों के सामने खड़े हो जाते हैं, जिससे सड़क पर आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। व्यापारियों ने यह भी चिंता जताई कि फाटक बंद होने की स्थिति में यातायात व्यवस्था और अधिक बिगड़ सकती है।

इस पर उपजिलाधिकारी काव्या सी ने आश्वस्त किया कि सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। फाटक बंद होने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या के निदान के लिए भी ठोस व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर की जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

बैठक में ऑटो चालकों द्वारा लगने वाले जाम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। व्यापारियों ने बताया कि सरोजनी रोड, मोना चौराहा, बालूगंज और मोतीगंज में रोजाना भीषण जाम लगता है, जिससे आमजन परेशान है।

इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने कहा कि नगर में ऑटो स्टैंड निर्धारित होने के बाद ऑटो चालकों को स्टैंड पर ही वाहन खड़ा करने और नियमों के अनुसार संचालन के निर्देश दिए जाएंगे। इससे जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।

बैठक में यह भी सहमति बनी कि सभी सब्जी विक्रेताओं को सब्जी मंडी में ही बिक्री करनी होगी। साथ ही दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि यदि दुकानों के बाहर किसी प्रकार का ठेला लगा पाया गया तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व सभासद निहालुद्दीन ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार ठेले वालों से दुकानों के बाहर ठेला लगाने के बदले पैसे लेते हैं, जिससे जाम की समस्या बढ़ रही है। इस पर उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि इस तरह की शिकायत सामने आती है तो दुकानदारों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। दुकानदारों को दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करने के निर्देश दिए गए।

स्टेट बैंक के बाहर वाहनों की अवैध पार्किंग से लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए मिडिल स्कूल के पास बने पार्किंग स्थल में वाहन खड़े करने के लिए पत्र के माध्यम से निर्देश जारी किए गए हैं।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि मुनादी के माध्यम से दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के लिए जागरूक किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बड़े वाहनों को दिन में सड़क पर खड़ा कर अनलोडिंग न करने, बल्कि रात के समय अनलोडिंग करने के निर्देश दिए गए ताकि जाम की स्थिति न बने।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नगर में सभी ठेले वालों का पंजीकरण कराया जाएगा, जिसमें उनका नाम, नंबर और अन्य विवरण दर्ज रहेगा। तय नियमों के अनुसार ही ठेले निर्धारित स्थानों पर लगाए जाएंगे। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना आसान होगा।

इसके अलावा सभी स्कूल संचालकों को स्कूल वाहनों को पांच-पांच मिनट के अंतराल पर छोड़ने के निर्देश देने पर भी सहमति बनी। इसके लिए रोस्टर बनाकर स्कूलों को सूचित किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की, ताकि नगर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से मुक्त कराया जा सके।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अजय यादव गुल्लू, ईओ नगर पालिका संतोष मिश्रा, तहसीलदार भरथना दिलीप कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी राम दवन मौर्य, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह तथा नगर के व्यापारी नगर अध्यक्ष प्रदीप पोरवाल(रज्जन),नगर अध्यक्ष विमल पोरवाल (बंटी),जिला प्रभारी रवि पोरवाल (छन्नी), जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश पोरवाल, नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता, जिला मंत्री गिरीश नारायण शुक्ला,सीबू पोरवाल, त्रिलोकी पोरवाल, अंकित यादव, शिवम गुप्ता, सभासद राजीव तिवारी, सुशील पोरवाल नानू बाबा, पम्मी यादव, राजीव तिवारी, जयदीप त्रिपाठी, सदर लेखपाल विपिन कुमार, पालिका कर्मी आदित्य प्रताप सिंह भदोरिया (राम जी), शरद यादव, नरेंद्र कुमार, पंकज दुबे, भीकम सिंह, गोविंद रावत समेत तमाम राजस्व अधिकारी व पुलिस कर्मचारी और व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *