ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
महेवा विकास खंड क्षेत्र के अंदावा और नौगांव गांवों के बीच यमुना नदी पर पैटून पुल का निर्माण कार्य जारी है। हालांकि, पीपों पर पटरे न लगने और उनमें पानी भरने के कारण अभी चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद है। केवल दोपहिया वाहन ही पुल से गुजर पा रहे हैं।

इस पुल के पूरी तरह तैयार हो जाने से महेवा ब्लॉक के 50 से अधिक गांवों के हजारों लोगों को चकरनगर तहसील जाने में सुविधा होगी। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम लगभग एक माह पहले नौगांव स्थित यमुना तट पर पहुंची थी।
कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए पैटून पुल के पीपों को नदी में उतारा। कुछ खराब पीपों में मिले छेदों को चादर लगाकर वेल्डिंग किया गया और एप्रोच मार्ग तैयार किया गया। इस पुल के स्थाई निर्माण के लिए भी दिलीपनगर के लोगों ने मुख्यमंत्री को लिखित ज्ञापन भी लखनऊ में दिया गया था जिसकी जांच प्रक्रिया जारी है। वहीं इस समय काम लगातार जारी है।
अंदावा मडैया यादवान निवासी अवनीश कुमार ने बताया कि अंदावा की ओर से पुल के पीपों में छेद होने के कारण पानी भर रहा है। इसके अलावा, पीपों पर अभी तक पटरे नहीं लगाए गए हैं। इन्हीं कारणों से दोपहिया वाहनों को तो निकलने दिया जा रहा है, लेकिन चार पहिया वाहनों को रोका गया है। विदित हो कि पैटून पुल शुरू होने से पहले महेवा ब्लॉक के लोगों को चकरनगर तहसील पहुंचने के लिए बकेवर-लखना मार्ग से 30 से 35 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। अब वे मात्र नौ किलोमीटर की दूरी तय करके सीधे तहसील पहुंच सकते हैं। इसी तरह, चकरनगर ब्लॉक के किसानों को भी अजीतमल, बाबरपुर और औरैया तक पहुंचने के लिए अब लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।
ग्राम प्रधान चरण सिंह यादव ने पुष्टि की कि पुल पर अभी पूरी तरह से आवागमन शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अंदावा की ओर पीपों में रिसाव है और लकड़ी के पटरे भी पूरी तरह से नहीं लगाए गए हैं। सेतु निगम को भी इस स्थिति की जानकारी है।
