ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। हारे के सहारे बाबा श्री खाटूश्याम जी के जन्मोत्सव की तैयारियां नगर में जोरशोर से चल रही हैं। श्रद्धा और भक्ति के इस पर्व पर इस वर्ष भी नगर में भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री श्याम मित्र मण्डल भरथना के तत्वावधान में आगामी 1 नवम्बर (शनिवार) को प्रातः 10 बजे से विशाल निशान यात्रा का आयोजन किया गया है, जिसमें नगर व आस-पास क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
श्यामप्रेमियों के अनुसार निशान यात्रा का शुभारम्भ मुहल्ला राजागंज स्थित गोपाल वाटिका से किया जाएगा। इसके बाद यह यात्रा मोतीगंज, तिलक रोड, बजाजा लाइन चौराहा, आजाद रोड, मन्दिर दानसहाय, गिरधारीपुरा, सती मन्दिर होते हुए विधूना रोड स्थित शक्तिपीठ श्री बालरूप हनुमान जी महाराज हनुमान गढ़ी (छोला मन्दिर) प्रांगण में पहुंचेगी, जहाँ श्री खाटूश्याम दरबार में निशान अर्पित कर यात्रा का समापन किया जाएगा।
इस दौरान यात्रा में धार्मिक ध्वज, शोभायमान रथ, एवं भजन संकीर्तन मंडलियाँ वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। संगीतमयी धुनों पर झूमते श्याम भक्त “हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे” के जयघोष से नगर की गलियाँ गूंज उठेंगी। श्याम मित्र मण्डल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में भक्ति, प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाना है। उन्होंने नगर व क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी महिला-पुरुषों से भव्य निशान यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर बाबा श्री खाटूश्याम के जन्मोत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
