भरथना में पारंपरिक उत्सव की धूम, धूमधाम से हुआ टेशू-झेंझी का विवाह

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। कस्बे के मोहल्ला राजागंज पाली बम्बा पर मंगलवार की शाम परंपरागत रीति-रिवाज और लोक परंपरा के बीच टेशू व झेंझी का विवाह समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत टेशू की बारात निकालने से हुई, जो ढोल-नगाड़ों, झांकी और नृत्य करते बच्चों के साथ पूरे नगर में भ्रमण के लिए निकली। बारात में शामिल बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर लोकगीतों और नृत्य के जरिए उत्सव का रंग और भी बढ़ा दिया। पूरे मार्ग में “जय टेशू महाराज की” के जयकारे गूंजते रहे।

नगर भ्रमण के बाद बारात झेंझी स्थल पर पहुंची, जहां विवाह की रस्में लोक परंपरा के अनुसार निभाई गईं। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और बच्चों ने प्रतीकात्मक रूप से विवाह की सभी विधियां पूरी कीं। विवाह के दौरान भोजन की व्यवस्था भी की गयी तथा सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह प्राचीन लोक परंपरा दशहरे के बाद से पूर्णिमा तक मनाई जाती है, जिसमें टेशू और झेंझी के विवाह का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र होता है। यह आयोजन भारतीय लोक संस्कृति और बाल मनोरंजन का जीवंत उदाहरण माना जाता है। विवाह कार्यक्रम में मोहल्ले के वरिष्ठजनों, अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों की भी अच्छी-खासी भीड़ रही। सभी ने बच्चों के पारंपरिक आयोजन की सराहना की और लोक परंपराओं को जीवित रखने की अपील की।

इस दौरान स्थानीय निवासियों में टिल्लू पोरवाल, शिवा सेंगर, अनुराग भदौरिया, अभिषेक, कुश पोरवाल, निखिल पोरवाल, मोहित यादव, अनुज भदौरिया समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *