ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ़ आर्यावर्त 7017774931

फोटो- जानकारी देते प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह
भरथना।होली पर्व को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष भरथना क्षेत्र में कुल 146 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जिनमें कस्बा क्षेत्र के 57 स्थल शामिल हैं। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सभी स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित घटना को रोका जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि होली पर्व को लेकर होलिका दहन कमेटी से जुड़े लोगों व डीजे संचालकों को आवश्यक एहतियात बरतने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीजे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही बजाए जाएं, तेज आवाज या आपत्तिजनक गीतों से परहेज किया जाए तथा किसी भी प्रकार की उकसाने वाली गतिविधि न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि हुड़दंग करने वालों, शराब पीकर उत्पात मचाने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
