बगला दलीपनगर में गंदे पानी का कहर: PWD सड़क बनी नाला, ग्रामीणों की जिंदगी खतरे में

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

महेवा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दलिपनगर के ग्राम बगला में पीडब्ल्यूडी सड़क पर लंबे समय से गंदा व कीचड़ युक्त पानी भरा हुआ है। हालत इतनी भयावह हो चुकी है कि राहगीरों और ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है। सड़क अब सड़क नहीं बल्कि बदबूदार नाले का रूप ले चुकी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासी बंटू राजपूत ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम प्रधान विनीता देवी को कई बार शिकायती पत्र दिया गया। इतना ही नहीं, सहायक विकास अधिकारी को भी लिखित शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि राम प्रताप राजपूत के घर से लेकर सर्वेश राजपूत के घर तक सड़क पर पानी भरा रहता है। गंदे पानी और कीचड़ के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। फिसलन के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है।
इस समस्या को लेकर सुनील राजपूत, मुनेश, नेकराम, बाबूराम, बंटू राजपूत, ब्रजेश सिंह, राजू राजपूत, गोविंद राजपूत सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या फिर ग्रामीणों की आवाज पर आखिरकार कार्रवाई होगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *