बकरी से बाइक टकराने पर मजदूरों की जमकर पिटाई, चार गंभीर घायल

भरथना। भरथना क्षेत्र में रविवार देर शाम उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई जब धान का रोपा लगाकर लौट रहे मजदूरों की बाइक से एक बकरी टकरा गई। मामूली हादसे के बाद बात इतनी बढ़ी कि दर्जनों ग्रामीणों ने मिलकर मजदूरों की जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं। पीड़ितों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर न्याय की मांग की है।

घटना के संबंध में बहादुरपुर गांव निवासी सुखवीर, सूरज, आकाश व नीतेश ने बताया कि वे आठ लोग मिलकर भरथना क्षेत्र में धान का रोपा लगाने का काम कर रहे थे। रविवार की देर शाम सभी अपनी बाइकों से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में भोली चौराहे के पास एक बकरी अचानक सामने आ गई जिससे एक बाइक की टक्कर हो गई और बकरी घायल हो गई।

बताया जा रहा है कि बकरी की चोट लगने की बात को लेकर दो युवक आए और मजदूरों की बाइकें रुकवा लीं। इसके कुछ ही देर बाद गांव से करीब 15–20 ग्रामीण लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर आ धमके और मजदूरों को चारों तरफ से घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में चार मजदूर बुरी तरह घायल हो गए जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं।

पीड़ितों ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने किसी से कोई दुर्व्यवहार नहीं किया, और टक्कर भी अनजाने में हुई थी। बावजूद इसके उनके साथ मारपीट की गई। थाना पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *