ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

22 हजार की मछली जब्त, कार्यवाही से मचा हडकंप
भरथना: खाकी नाले में लंबे समय से प्रतिबंधित मछलियों का शिकार बेखौफ होकर चल रहा था। सोमवार को जब शिकारी मछलियों को कार और ऑटो में भरकर फरार होने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने छापा मार दिया। नतीजा, दो शिकारी पकड़ में आ गए, जबकि बाकी मौके से भाग निकले। मौके से दो कुंटल मछली बरामद की गई, जिसे मत्स्य विभाग ने तुरंत नीलाम करवा दिया।

पाली से जारपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित खाकी नाले में शिकारियों का नेटवर्क धड़ल्ले से सक्रिय था। कार और ऑटो की मदद से मछलियों की खेपें इधर से उधर की जा रही थीं। सोमवार सुबह करीब ग्यारह बजे जब डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो शिकार में जुटे कई लोग वहां से भाग निकले, लेकिन दो को पुलिस द्वारा मौके से पकड़ लिया गया।
सूचना मिलते ही साम्हों चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और मौके से पकड़े गए दोनों व्यक्तियों, एक कार, एक ऑटो और दो कुंटल प्रतिबंधित मछलियों को कब्जे में लेकर थाने ले आए।
बाद में मत्स्य विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर बरामद करीब दो कुंटल मछलियों की 22 हजार रुपये में नीलामी करवाई। उन्होंने कहा कि अब गश्त तेज की जाएगी। अगर अगली बार कोई मछलियों का अवैध शिकार करता मिला, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
कार्यवाहक थाना प्रभारी अरिमर्दन सिंह ने बताया कि मछलियों की नीलामी के बाद जब्त वाहनों को थाने में दाखिल कराया गया है। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
