ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: भरथना–पाली मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नशे में धुत बताए जा रहे बाइक सवारों ने पीछे से साइकिल सवार स्कूली छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र सड़क किनारे खेतों में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जनपद औरैया के थाना सहार क्षेत्र के गाँव सह्बाजपुर निवासी दीपक पुत्र राम सिंह और अशोक कुमार पुत्र सुघर सिंह बाइक से भरथना क्षेत्र के गांव पाली खुर्द में रिश्तेदारी में आयोजित तेहरवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पाली बंबा मार्ग पर पावर हाउस के समीप उन्होंने भरथना के एक विद्यालय से घर लौट रहे पाली खुर्द निवासी छात्र शनि पुत्र रणवीर सिंह को पीछे से टक्कर मार दी।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार नशे में प्रतीत हो रहे थे। उनकी बाइक में रखे थैले से शराब की बोतल और पानी के पाउच भी मिले। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से घायल बाइक सवारों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भेजा गया। वहीं गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन निजी वाहन से निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी.
फोटो – स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद घायल तथा मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी
