ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
इटावा। इटावा जीआरपी ने मुखबिर की सूचना के बाद मंगलवार को नई दिल्ली से कानपुर जा रही मगध एक्सप्रेस के एक एसी कोच में छापेमारी कर तीन ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग खोलकर 54 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रूपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान जब बैग खोले गए तो उनमें हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली। उस समय कोच में मौजूद यात्रियों से बैग के स्वामित्व के बारे में पूछताछ की गई, पर किसी ने भी अपनी जिम्मेदारी नहीं ली। इसी बीच शराब ले जाने वाला एक तस्कर मौके से फरार हो गया। जीआरपी ने शराब की बोतलों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी मात्रा में शराब को ट्रेन के एसी कोच में बिना किसी जांच-पड़ताल के कैसे लाया जा सका और तस्करों का नेटवर्क कौन-सा है।
कई लोगों ने सुरक्षा व चेकिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए। जीआरपी अधिकारी ने कहा कि मुखबिर की सूचना समय रहते मिली, वरना यह खेप अन्य जगहों पर पहुंच चुकी होती। यात्रियों की सुरक्षा व भयमुक्ति के लिए समय-समय पर चेकिंग जारी रहेगी।
