ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से बंद ट्रेनों के ठहराव को दोबारा शुरू करने और नई ट्रेनों को ठहराने की मांग को लेकर रविवार को नगर के तमाम व्यापारियों तथा समाजसेवियों ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि कोरोना महामारी से पूर्व भरथना रेलवे स्टेशन (BNT) पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होता था। इन ट्रेनों से न सिर्फ भरथना बल्कि आसपास के कस्बों और गांवों जैसे – बिधूना, चकरनगर, ताखा, ऊसराहार, कुदरकोट, बकेवर और लखना की जनता को भी बड़ा लाभ मिलता था। विद्यार्थी शिक्षा के लिए, व्यापारी कारोबार के लिए और तीर्थयात्री धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए इन्हीं गाड़ियों पर निर्भर रहते थे। महामारी के बाद जब गाड़ियों का संचालन दोबारा शुरू हुआ तो भरथना में उनका ठहराव बहाल नहीं किया गया, जिससे क्षेत्रीय जनता को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
पूर्व में लिंक एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस का ठहराव भरथना रेलवे स्टेशन पर होता था. जोकि कोरोना काल से बंद हो गया है स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन गाड़ियों का ठहराव तत्काल बहाल किया जाए, क्योंकि इनके बंद होने से हजारों यात्रियों को अनावश्यक रूप से इटावा और फफूँद जैसे स्टेशनों तक आना-जाना पड़ रहा है। साथ ही दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का प्रायोगिक तौर पर छह माह के लिए भरथना में नेताजी एक्सप्रेस तथा श्री माता वैष्णोदेवी कटड़ा जम्मू मेल के ठहराव की मांग भी की गयी है.
इन दोनों गाड़ियों का ठहराव होने से भरथना के साथ-साथ आस-पास के दर्जनों कस्बों और गांवों की जनता को शिक्षा, व्यापार, तीर्थयात्रा और चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलेगी। भरथना एक ऐतिहासिक कस्बा और बड़ा व्यापारिक केंद्र है। यहाँ का रेलवे स्टेशन न सिर्फ इटावा जनपद बल्कि औरैया और मैनपुरी जनपद के यात्रियों के लिए भी उपयोगी है। ऐसे में यहाँ से ट्रेनों का ठहराव करना जनता के हित में अति आवश्यक है।
ज्ञापन देने वालों में देवाशीष चौहान, ब्रजेश पोरवाल, अनमोल त्रिपाठी, इन्द्रपाल सिंह, रवि पोरवाल, सुरेन्द्र कुमार, जीतेन्द्र सिंह, दलविंदर सिंह, रीतेश सिंह, राम गुप्ता, भावेश कुमार, शिवम वर्मा, प्रदीप पोरवाल, दीपक मिश्रा, संदीप तिवारी, संजय माधवानी समेत नगर के तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
लोगों ने आशा व्यक्त की है कि रेल मंत्रालय जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए भरथना स्टेशन पर बंद हुई ट्रेनों का ठहराव बहाल करेगा और नई गाड़ियों का ठहराव भी शीघ्र सुनिश्चित किया जाएगा।
फोटो – स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौपते नगर के गणमान्य नागरिक
