ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

इटावा।खेल जगत में इटावा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज होने जा रही है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली ‘4th माउंट एवरेस्ट ताइक्वांडो चैंपियनशिप’ (G-1 ओलंपिक रैंकिंग) में पहली बार इटावा के सात प्रतिभावान खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे।
इटावा जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव हिमांशु यादव और प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में दुनिया भर के लगभग 150 से अधिक देशों के एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष नबीला के अनुसार, ये खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से इस मुकाम तक पहुँचने के लिए कड़ा अभ्यास कर रहे थे।
ज़िला एसोसियेशन के सह-सचिव हरगोविंद सिंह ने जानकारी दी कि जिले के खिलाड़ी ‘कैडेट’ और ‘जूनियर’ दो आयु वर्गों में अपना कौशल दिखाएंगे।
कैडेट वर्ग में प्रियदर्शन शाक्य (12 वर्ष, अंडर 33 किग्रा), ओम शर्मा (10 वर्ष, अंडर 37 किग्रा) और वैष्णवी यादव (13 वर्ष, अंडर 41 किग्रा) प्रतिभाग करेंगे। वहीं जूनियर वर्ग में शौर्य सिंह (16 वर्ष, अंडर 48 किग्रा), आयुष सिंह (14 वर्ष, अंडर 51 किग्रा) और जैस्मिन चौहान (16 वर्ष, अंडर 42 किग्रा) हिस्सा लेंगी।
इस उपलब्धि पर जिला मीडिया प्रभारी तरुण रंजन गुप्ता, सह-सचिव रोहित द्विवेदी और मैनेजमेंट प्रमुख श्यामजी सक्सेना ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।
