ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
इटावा: ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारियों की समन्वय समिति की आपातकालीन बैठक बुधवार सुबह सिंचाई संघ भवन इटावा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समन्वय समिति के अध्यक्ष पूरन सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ इटावा के अध्यक्ष दीपक यादव ने की। बैठक में जनपद के उच्च अधिकारियों के तानाशाही रवैये पर रोष जताते हुए गौशाला संचालन का विरोध किया गया।
सचिवों ने बताया कि जनपद की अधिकांश ग्राम पंचायत गौशालाओं में पहले से सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनसे निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद एक ही कंपनी के कैमरे लगाने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाकर आईडी-पासवर्ड अपने पास रखकर निगरानी किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई।
बैठक में यह भी कहा गया कि सचिवों को प्रतिदिन भूसा, हरा चारा, दाना आदि की मांग और खपत पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा उस दिन का भुगतान रोकने की चेतावनी दी गई है। सचिवों का कहना है कि गौवंश को भूखा नहीं रखा जा सकता, जबकि उन पर पहले से गली-खड़ंजा, नाली, परिवार रजिस्टर, फैमिली आईडी और कई अन्य कार्यों का दबाव है। महेवा व भरथना ब्लॉक में कई सचिव बीएलओ ड्यूटी भी कर रहे हैं।
सचिवों ने मांग की कि गौशाला संचालन का कार्य पशुपालन विभाग को सौंपा जाए और सचिवों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त किया जाए। साथ ही उनके विरुद्ध प्रचलित कार्यवाहियों को समाप्त करने, त्योहारों व वीआईपी दौरों के नाम पर होने वाले दबाव को रोकने तथा जिला पंचायत राज अधिकारी के कथित रिश्वत वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई।
चेतावनी दी गई कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो सचिव अपनी-अपनी गौशालाओं की चाबियां संबंधित अधिकारियों को सौंपकर कार्य बहिष्कार करते हुए ब्लॉक व जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में वेतन व वेतन वृद्धि जारी करने का भी अनुरोध किया गया।
बैठक में नीरज यादव, मनोज कुमार मिश्रा, राधेश्याम, अजय यादव, अंजुला यादव, विवेक यादव, प्रदीप कुमार, संदीप, सविता, अर्चना यादव, शुभी दुबे, पंकज यादव, हरि प्रकाश, बब्बू राजा, इंद्रप्रताप, धर्मेंद्र यादव, मृदुल कुमार, हेमंत कुमार, शमी उद्दीन, सौरभ कुमार सहित कई सचिव उपस्थित रहे।
