इटावा ताइक्वांडो के खिलाड़ियों ने बिखेरी नेपाल में स्वर्णिम चमक

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931


नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित ‘4th माउंट एवरेस्ट ताइक्वांडो चैंपियनशिप’ (G-1 इंटरनेशनल ओलंपिक रैंकिंग) में

इटावा के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरी है। दुनिया भर के 150 से अधिक देशों की चुनौतियों को पार करते हुए जिले के तीन खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया है।
चैंपियनशिप के कड़े मुकाबलों में प्रियदर्शन शाक्य (कैडेट वर्ग, अंडर 33 किग्रा) और वैष्णवी यादव (कैडेट वर्ग, अंडर 41 किग्रा) ने अपनी-अपनी श्रेणी में बेमिसाल तकनीक और फुर्ती का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, जूनियर वर्ग (अंडर 51 किग्रा) में आयुष सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व सफलता पर जिले के खेल जगत में उत्सव का माहौल है। इटावा जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव हिमांशु यादव ने खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह इन बच्चों के कई वर्षों के कड़े अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष नबीला ने खिलाड़ियों के अनुशासन की प्रशंसा की।
सह-सचिव हरगोविंद सिंह ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर इरादे फौलादी हों, तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल की जा सकती है।
जिला मीडिया प्रभारी तरुण रंजन गुप्ता, सह-सचिव रोहित द्विवेदी और मैनेजमेंट प्रमुख श्यामजी सक्सेना ने भी संयुक्त रूप से खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को इटावा के खेल इतिहास का “स्वर्ण काल” बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। जिले के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के वापस लौटने पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *