अब नगर में नहीं होगी पानी की किल्लत — अधिकांश ट्यूबवेल हुए दुरुस्त

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931


सुबह-शाम नियमित रूप से होने लगी जलापूर्ति, पालिकाध्यक्ष ने दी जानकारी

भरथना।नगरवासियों को अब पेयजल आपूर्ति को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। नगर पालिका प्रशासन ने अधिकांश ट्यूबवेलों की मरम्मत कराकर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू कर दिया है। वहीं कुछ ट्यूबवेलों का काम तेजी से प्रगति पर है। इसके परिणामस्वरूप नगर में सुबह और शाम दोनों समय नियमित रूप से पानी की सप्लाई शुरू हो गई है।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अजय कुमार यादव ‘गुल्लू’ ने बताया कि पालिका क्षेत्र के कई ट्यूबवेल अचानक खराब हो जाने से पिछले कुछ माह से जलापूर्ति प्रभावित थी, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि पालिका प्रशासन और स्थानीय सहयोग से जवाहर रोड स्थित ट्यूबवेल सहित अधिकतर ट्यूबवेल रीबोर व मरम्मत कराकर फिर से चालू करा दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अब नगर में सुबह-शाम करीब 20 से 25 मिनट तक सुचारू रूप से जलापूर्ति की जा रही है। वहीं 1-2 ट्यूबवेलों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों में सभी ट्यूबवेल पूर्ण रूप से संचालित हो जाएंगे, जिसके बाद नगर में सुबह, दोपहर और शाम — तीनों समय पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को अब पानी के लिए किसी भी तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *