मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा दल ने किया जागरूक

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

इटावा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत सोमवार को जनपद के सभी थानों पर महिला सुरक्षा दल सक्रिय नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा दल ने बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई। महिलाओं को यह भी बताया गया कि आपात स्थिति में किस प्रकार तुरंत मदद ली जा सकती है। इस मौके पर वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे जरूरी हेल्पलाइन नंबर साझा किए गए। साथ ही शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पम्पलेट वितरित कर दी गई।

थानों पर नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्र के कार्य और उद्देश्यों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। महिला सुरक्षा दल ने चौपालों के माध्यम से भी बालिकाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षित वातावरण में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *