ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ़ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: थाना क्षेत्र के दिल्ली–हावड़ा रेलवे ट्रैक पर साम्हो स्टेशन के समीप शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पैंट्री कार के पहियों से धुआं उठने के कारण ट्रेन को रोका गया, लेकिन इसी दौरान एक यात्री दूसरी लाइन पर आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15635 ओखा गुवाहाटी एक्सप्रेस इटावा से कानपुर की ओर डाउन लाइन पर जा रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन की तेरहवीं बोगी (पैंट्री कार के पास) के पहियों से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई यात्री घबराकर अपनी सीटों से उठ गए। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को साम्हो रेलवे स्टेशन की पश्चिमी केबिन के पास नगला मुछारियन गांव के सामने रोक दिया।
ट्रेन रुकने के बाद तकनीकी टीम को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर पहियों से उठ रहे धुएं को शांत किया और अन्य चीजों की जांच की। जांच में तकनीकी खराबी सामने आई, जिसे मौके पर ही ठीक कर दिया गया। इस दौरान करीब 10 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इस बीच कई यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर इधर-उधर टहलने लगे और कुछ लोग समस्या को देखने के लिए ट्रैक के आसपास पहुंच गए।
जब तकनीकी खराबी दूर होने के बाद ट्रेन को पुनः रवाना करने की तैयारी हो रही थी, तभी नीचे उतरे यात्रियों में अचानक ट्रेन में चढ़ने की होड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी के बीच एक यात्री गलती से दूसरी लाइन की ओर चला गया।
उसी समय अप लाइन पर कानपुर से इटावा की ओर तेज रफ्तार से आ रही 12987 सियालदह एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। तेज गति के कारण यात्री संभल नहीं सका और ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। करीब पांच मिनट तक रोकने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया.
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक राम सिंह ने टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया और रेलवे ट्रैक के पास पड़े शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर असम राज्य के डोबोका पाथेर, जिला नागांव निवासी 33 वर्षीय दिलाबर हुसैन पुत्र फैजर रहमान के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी है।
फोटो – मृतक फ़ाइल फोटो तथा पहियों से उठता धुंआ
