घटतौली के आरोप फेल, जांच में खरा उतरा पेट्रोल पंप

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: क्षेत्र के भरथना-ऊसराहार मार्ग स्थित भोली चौराहे के समीप एक पेट्रोल पंप पर घटतौली के आरोपों का मामला सामने आने के बाद जिला विधिक माप विज्ञान विभाग हरकत में आया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिकारी मौके पर पहुंचे और विस्तृत जांच की।

जिला विधिक माप विज्ञान अधिकारी नरेश चंद्र ने बताया कि दो दिन पूर्व भोली चौराहे के समीप विद्या फिलिंग स्टेशन पर घटतौली को लेकर एक वीडियो सामने आया था, जिसे मीडियाकर्मियों द्वारा दिखाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्वतः संज्ञान लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचकर विभिन्न तरीकों से जांच कराई। जांच के दौरान पेट्रोल पंप सभी मानकों पर खरा उतरा और घटतौली जैसी कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।

माप विज्ञान अधिकारी ने आमजन से अपील की कि पेट्रोल या डीजल लेते समय मशीन में ‘जीरो’ अवश्य जांच लें। साथ ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्राहकों को ईंधन देने से पहले मीटर शून्य दिखाना सुनिश्चित करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने कहा कि विभाग की टीम समय-समय पर ऐसे सभी स्थानों पर निरीक्षण करती रहती है, जहां माप-तौल से जुड़ा कार्य होता है। फिलहाल जिन पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया, वहां किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।

वहीं, सिन्हुआ गांव में एक कोटेदार के यहां भी घटतौली की शिकायत पर टीम ने जांच की। निरीक्षण में घटतौली जैसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही कस्बा के पाली बंबा चौराहे पर एक प्रोविजन स्टोर पर निर्धारित राशि से अधिक रुपयों में राजश्री पान मसाला बेचे जाने की शिकायत सामने आई थी जिस पर प्रोविजन स्टोर के संचालक द्वारा तय राशि से अधिक में पान मसाला बेचने की पुष्टि हुई है। जिसके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

फोटो – पेट्रोल पंप पर जांच करते अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *